12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) का दूसरा चरण आज से शुरू
नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (Special Summary Revision – SSR) के दूसरे चरण की घोषणा कर दी है। बिहार में पहला चरण पूरा होने के बाद अब उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह अभियान आज, 28 अक्टूबर से शुरू होकर 7 फरवरी 2026 तक चलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चुनाव आयोग के अनुसार, इस अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने, संशोधन कराने, स्थानांतरण या विलोपन के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा। आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस अवधि में मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को योग्यता तिथि (Qualifying Date) माना जाएगा। यानी जो भी नागरिक इस तारीख तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकेंगे। आयोग ने बताया कि बूथ स्तर पर बीएलओ (BLO) लोगों से सीधे संपर्क कर नाम जुड़वाने या संशोधन की प्रक्रिया में मदद करेंगे। वहीं, नागरिक www.nvsp.in या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे।
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य आने वाले चुनावों से पहले मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।

















