झारखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट: रांची समेत कई जिलों में तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, तापमान में गिरावट संभव
रांची : झारखंड के मौसम ने एकाएक करवट ले ली है। साइक्लोन मोंथा के असर से राज्य में आज भारी बारिश होने की पूरी संभावना है, खासकर रांची समेत कई जिलों में। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 29 से 31 अक्टूबर तक तेज बारिश, गरज-चमक के साथ तूफान आ सकते हैं, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, आज पूरे झारखंड में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर जोरदार बारिश दर्ज की जा सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम 19-20 डिग्री के बीच रहेगा। आर्द्रता का स्तर 80-90 फीसदी तक पहुंच सकता है, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस होगी। हवा की गति 10-15 किमी/घंटा रहने की उम्मीद है, लेकिन तूफानी हवाओं के झोंके 30-40 किमी/घंटा तक हो सकते हैं।
झारखंड के अन्य जिलों की बात करें तो धनबाद, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश (7-10 सेंटीमीटर तक) का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ जैसी स्थिति से बचाव के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। गिरिडीह, दुमका और पश्चिमी सिंहभूम में हल्की से मध्यम बारिश होगी, वहीं पलामू और संथाल परगना में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान 28-32 डिग्री रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोन मोंथा के कारण यह मानसून जैसा मौसम लौट आया है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा।


















