धर्मेंद्र मुंबई के ब्रेच कैंडी अस्पताल में भर्ती, रूटीन चेकअप के लिए लाए गए; परिवार ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं
मुंबई : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मुंबई के प्रसिद्ध ब्रेच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 89 वर्षीय ‘ही-मैन’ के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने फैंस में चिंता की लहर दौड़ा दी है, लेकिन परिवार और टीम के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मेंद्र को उम्र से जुड़ी नियमित जांच के लिए अस्पताल में रखा गया है। यह चेकअप 2-3 दिनों का होगा, ताकि सभी टेस्ट एक साथ हो सकें। एक करीबी सूत्र ने बताया, “धर्मेंद्र जी पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनकी उम्र को देखते हुए समय-समय पर ऐसे टेस्ट होते रहते हैं। कोई गंभीर समस्या नहीं है।” परिवार के सदस्य, जिनमें बेटे सनी देओल और बॉबी देओल भी शामिल हैं, लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।
यह खबर बॉलीवुड के लिए एक राहत की सांस है, क्योंकि हाल ही में उनके सह-कलाकार सतीश शाह के निधन से इंडस्ट्री सदमे में थी। धर्मेंद्र के प्रशंसक उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना कर रहे हैं।



















