झारखंड स्थापना दिवस की तैयारी तेज़: बोलबा में सीओ सुधांशु पाठक ने दिए अहम निर्देश
सिमडेगा : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस क्रम में बोलबा प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) सुधांशु पाठक ने की। बैठक में प्रखंड के सभी विभागीय पदाधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक को संबोधित करते हुए सीओ पाठक ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य का गौरवशाली पर्व है और इसे पूरे प्रखंड में जनसहभागिता के साथ भव्य आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर की सुबह 8 बजे दसवीं एवं इंटर प्लस टू वर्ग के छात्र-छात्राएं प्रखंड कार्यालय प्रांगण में एकत्रित होंगे। इसी दिन “रन फॉर झारखंड” के तहत एक विशेष दौड़ का आयोजन होगा, जो प्रखंड कार्यालय परिसर से शुरू होकर अपर बाजार स्थित बख्तर साय और मुंडल सिंह की प्रतिमा स्थल तक जाएगी।
सीओ ने जोर देकर कहा कि इस अवसर पर उन महापुरुषों को याद कर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समाज और राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में अबुआ आवास योजना, पर्यटन स्थलों तथा प्रखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की उपलब्धियों को वीडियो प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आमजन सरकार की योजनाओं से अवगत हो सकें।
बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक को निर्देश देते हुए सीओ ने कहा कि बैंक की दीवारों पर शिकायत निवारण हेल्पलाइन नंबर अंकित कराया जाए, जिससे लोग अपनी समस्याएं सीधे बैंक से साझा कर सकें। सभी विभागीय अधिकारियों को 15 नवंबर की शाम अपने कार्यालयों में उन महान व्यक्तियों के नाम पर दीप प्रज्ज्वलित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक प्रखंड कार्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। झारखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। जेएसएलपीएस की दीदियों को अतिथियों के स्वागत हेतु विशेष प्रस्तुति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सीओ ने महिला प्रतिभागियों से भारी संख्या में भाग लेने की अपील की और प्रशासन की ओर से निशुल्क वाहन व्यवस्था तथा रात्रि में सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा का आश्वासन दिया। सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की निशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
सीओ सुधांशु पाठक ने आगे बताया कि 18 नवंबर से 15 दिसंबर तक “आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान पुनः चलाया जाएगा। इस दौरान सभी विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे, ताकि नागरिक सीधे अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं का समाधान कर सकें। उन्होंने अधिकारियों से जनता के सेवक के रूप में कार्य करने और ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने का आग्रह किया। वन विभाग को निर्देश दिया गया कि जंगली हाथियों से फसल या संपत्ति क्षति के मुआवजे के लंबित चेक इस अभियान के दौरान वितरित किए जाएं।
बैठक के समापन में सीओ पाठक ने सभी पदाधिकारियों से मिल-जुलकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “झारखंड का 25वां स्थापना दिवस हर नागरिक के लिए गर्व का अवसर है और इसे यादगार बनाना हम सबका दायित्व है।”

















