कांग्रेस के 'टैलेंट हंट' को भाजपा ने बताया 'डैमेज कंट्रोल हंट', राहुल गांधी की लोकप्रियता पर साधा निशाना

कांग्रेस के ‘टैलेंट हंट’ को भाजपा ने बताया ‘डैमेज कंट्रोल हंट’, राहुल गांधी की लोकप्रियता पर साधा निशाना

Share
Link copied

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के नवीनतम ‘टैलेंट हंट’ कार्यक्रम को कड़ी आलोचना का निशाना बनाते हुए इसे ‘डैमेज कंट्रोल हंट’ करार दिया। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार चुनाव में सिंगल डिजिट सीटों पर सिमटने के बाद कांग्रेस अब डैमेज कंट्रोल के लिए नए पोस्टर और प्रवक्ता पैनल का नाटक कर रही है।

प्रतुल शाहदेव ने कहा, “कांग्रेस झारखंड में अपनी संगठनात्मक कमजोरी को छुपाने के लिए नए-नए पोस्टर और कार्यक्रम लॉन्च कर रही है, लेकिन जनता सब जानती है। जिस पार्टी में शीर्ष नेताओं की विश्वसनीयता शून्य है, वहां प्रवक्ता बदलने से कुछ नहीं बदलेगा।” उन्होंने कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस को ‘लाफ्टर शो’ बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ज्यादा लोकप्रिय बताकर पूरी सभा को हास्य का पात्र बना दिया।

प्रतुल शाहदेव ने आगे कहा, “पूरी दुनिया जानती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। देश की बात छोड़िए, विदेश में भी उनकी टक्कर का कोई नेता नहीं है। फिर तीन-तीन आम चुनावों में बुरी तरह हारने वाले राहुल गांधी से उनकी तुलना कैसे हो सकती है?” उन्होंने कांग्रेस के ‘टैलेंट हंट’ को महज राजनीतिक शो-ऑफ बताया और कहा कि पार्टी को पहले अपने शीर्ष नेतृत्व में ‘वैचारिक निष्ठा’ ढूंढनी चाहिए, जो दल बदलने, टिकट बेचने और परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ पाई है।

कांग्रेस की नीतियों पर हमला बोलते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा, “कांग्रेस ‘स्पष्ट सोच’ की मांग करती है, लेकिन उसकी अपनी नीतियों में यही सोच गायब है। नेता देश और संविधान की दुहाई देते हैं, लेकिन झारखंड में भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति की सबसे बड़ी साझेदार यही पार्टी रही है।”

सोशल मीडिया दावों पर तंज कसते हुए प्रतुल ने कहा, “140 करोड़ आबादी वाले देश में कांग्रेस को 200 करोड़ लोगों की प्रतिक्रियाएं मिलने का दावा हास्यास्पद है। लगता है पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। जमीन पर हो या सोशल मीडिया पर, भाजपा और कांग्रेस में कोई मुकाबला ही नहीं है।”

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow