आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ऊपर कोनकी पंचायत में भव्य शिविर का आयोजन, उपायुक्त व विधायक ने किया परिसंपत्ति वितरण

आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ऊपर कोनकी पंचायत में भव्य शिविर का आयोजन, उपायुक्त व विधायक ने किया परिसंपत्ति वितरण

Share
Link copied

रांची : रांची जिला अंतर्गत “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के क्रम में शुक्रवार को कांके प्रखंड की ऊपर कोनकी पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री तथा कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा (स्थानीय प्रतिनिधि के रूप में) ने शिरकत की।

शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी कांके विजय कुमार, अंचल अधिकारी अमित भगत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला परिषद सदस्य सुषमा देवी, उप प्रमुख अंजय बैठा, मुखिया ऊपर कोनकी लाला महली सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

सरकार पंचायत स्तर पर आपके द्वार तक पहुंची  

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सरकार का तंत्र अब पंचायत स्तर पर आपके द्वार तक पहुंच रहा है ताकि आपकी समस्याओं को सुना जा सके और त्वरित निष्पादन किया जा सके। यह कार्यक्रम सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। पहले से आवेदन कर चुके आवेदकों को जाति, आय, आवासीय प्रमाण-पत्र सहित अन्य प्रमाण-पत्र ऑन-द-स्पॉट वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों की समस्याओं का स्कैन के माध्यम से तुरंत समाधान किया जा रहा है।

विधायक ने की राज्य सरकार की पहल की सराहना 

कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार की यह सार्थक पहल आम जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान कर रही है। उन्होंने सभी से इस कार्यक्रम का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

प्रमुख योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी  

उपायुक्त ने ग्रामीणों को अबुआ आवास योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, ग्राम गाड़ी योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा आवेदन प्रक्रिया व पात्रता की पूरी जानकारी साझा की।

ऑन-द-स्पॉट परिसंपत्ति वितरण  

शिविर में उपायुक्त, विधायक, जिला परिषद सदस्य, उप प्रमुख एवं मुखिया ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया, जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धावस्था/निःशक्तजन/विधवा) स्वीकृति पत्र, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत धोती-साड़ी, दाखिल-खारिज शुद्धि पत्र और अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं सामग्री शामिल है।

सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : उपायुक्त  

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि झारखंड सरकार की कोई भी योजना ऐसी न रहे जिसका लाभ पात्र व्यक्ति तक न पहुंचे। उन्होंने कहा कि यही इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है कि प्रशासन आमजन के दरवाजे तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow