जेएससीए का नवजात शिशुओं से टिकट लेने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण : जदयू

जेएससीए का नवजात शिशुओं से टिकट लेने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण : जदयू

Share
Link copied

रांची : झारखंड प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) ने भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के लिए झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) द्वारा नवजात शिशुओं सहित सभी उम्र के बच्चों के लिए टिकट अनिवार्य करने के फैसले को पूरी तरह अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। पार्टी ने मांग की है कि जेएससीए इस फैसले पर पुनर्विचार कर इसे तत्काल वापस ले।

जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा, “देश के अधिकांश स्टेडियमों में तीन साल से कम उम्र के बच्चों के लिए माता-पिता को अलग से टिकट खरीदने की बाध्यता नहीं है। हाल ही में संपन्न एशिया कप में चार वर्ष तक के बच्चों के लिए कोई टिकट शुल्क नहीं था। आईसीसी ने भी विश्व कप में दो वर्ष तक के बच्चों के लिए टिकट मुक्त रखा था।”

सागर कुमार ने तर्क दिया कि एयरलाइंस, रेलवे और सड़क परिवहन में भी दो से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए पूरा टिकट नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा, “जेएससीए का यह फरमान क्रिकेट प्रेमियों, खासकर युवा परिवारों में भारी निराशा पैदा कर रहा है। कम से कम चार वर्ष तक के बच्चों को टिकट से मुक्त रखा जाए।”

जदयू ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से अपील की है कि क्रिकेट को जन-जन तक पहुंचाने और परिवारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह कदम पीछे खींचा जाए ताकि स्टेडियम में बच्चों की किलकारियां फिर गूंज सकें।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow