सिमडेगा में संविधान दिवस पर उत्साहपूर्वक पढ़ी गई संविधान की प्रस्तावना
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिले में संविधान दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह के नेतृत्व में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ किया तथा संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर की अध्यक्षता में संविधान सभा ने 2 वर्ष 11 माह 18 दिन की अथक मेहनत के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक दिवस नहीं, बल्कि हमारे संविधान की आत्मा का उत्सव है, जो प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्रदान करता है।
उन्होंने आगे कहा कि संविधान में निहित राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुनिश्चित करने वाली बंधुता को मजबूत करने का संकल्प हम सभी को लेना चाहिए। उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी इस संकल्प को दोहराया।
संविधान दिवस का उत्सव केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में भी बड़े उत्साह के साथ प्रस्तावना का वाचन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

















