भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देवघर के दो दिवसीय दौरे पर, नवनिर्मित पार्टी कार्यालय का करेंगे उद्घाटन
देवघर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा शुक्रवार देर शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। उनके साथ गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे भी मौजूद थे।
जेपी नड्डा रात करीब 8 बजे विशेष विमान से देवघर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े और पार्टी झंडियों के साथ मौजूद थे। जगह-जगह अभिनंदन द्वार लगाए गए थे और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। स्वागत के बाद नड्डा का काफिला सर्किट हाउस (परिसदन) पहुंचा।
शनिवार को जे.पी. नड्डा सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधियों तथा पंडा समाज से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
तत्पश्चात वे देवघर में नव-निर्मित भाजपा जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। दोपहर में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में श्री नड्डा एम्स देवघर का दौरा करेंगे तथा वहां चल रहे कार्यों का जायजा लेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
उनके आगमन को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन ने शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस के आला अधिकारी स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं।



















