सिमडेगा में क्रिसमस की धूम: उपायुक्त कंचन सिंह ने जिलेवासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिले भर में क्रिसमस का पवित्र पर्व बड़े उत्साह, आस्था और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। चारों ओर उत्सव की हलचल देखी जा रही है, जहां लोग प्रेम, शांति और खुशियों की हिलोरें मार रहे हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने सभी जिलेवासियों को क्रिसमस 2025 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति, क्षमा और सेवा का पर्व है। प्रभु यीशु मसीह ने मानवता को आपसी भाईचारा, सत्य और करुणा का मार्ग दिखाया। आइए, हम उनके संदेशों को अपनाकर समाज में सद्भाव, सहयोग और मानव सेवा की भावना को और मजबूत करें।
उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि यह पर्व सभी के जीवन में नई खुशियां, समृद्धि और शांति लाएगा। जिले में चर्चों और घरों में क्रिसमस ट्री सजाए गए हैं, प्रार्थना सभाएं आयोजित हो रही हैं और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
क्रिसमस की यह रौनक जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भी खास उत्साह के साथ दिखाई दे रही है, जहां समुदायिक कार्यक्रम और सांस्कृतिक आयोजन हो रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी सभी को सुरक्षित और खुशहाल पर्व मनाने की अपील की गई है।

















