उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्य के पति का विवादित बयान, बिहार की लड़कियों पर टिप्पणी से मचा बवाल
देहरादून : उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। इस बार विवाद की वजह बनी हैं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक कथित बयान। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साहू को अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए सुना जा सकता है, जहां वे कह रहे हैं कि “अगर शादी नहीं हो रही है तो बिहार से 20-25 हजार रुपये में लड़की मिल जाती है। चलो मेरे साथ, कुंवारों की शादी करवा दूंगा।”
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और बिहार से उत्तराखंड तक राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया। विपक्षी दलों ने इसे बिहार की महिलाओं का अपमान और महिला तस्करी को बढ़ावा देने वाली मानसिकता करार दिया है।
कांग्रेस ने बयान को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह भाजपा की महिला विरोधी सोच को उजागर करता है। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पाल और उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने मंत्री रेखा आर्य से इस्तीफे की मांग की है। राजद (RJD) ने बयान को बिहार की बेटियों की इज्जत पर हमला बताया और प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से स्पष्टीकरण मांगा।
बिहार राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आयोग अध्यक्ष ने इसे बिहार की महिलाओं के स्वाभिमान पर आघात बताया।
विवाद बढ़ने पर गिरधारी लाल साहू ने एक अलग वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका बयान तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और यह किसी दोस्त की शादी के संदर्भ में सामान्य बातचीत थी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी जानबूझकर उनकी पत्नी रेखा आर्य की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें माफी मांगते भी बताया गया है।

















