अवैध खनन मामले की जांच के लिए CBI टीम साहिबगंज पहुंची, पत्थर माफिया में हड़कंप
प्रितम पांडेय
साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले में करोड़ों रुपये के कथित अवैध पत्थर खनन घोटाले की जांच को तेज करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एक विशेष टीम मंगलवार को साहिबगंज पहुंची। सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद यह कार्रवाई हुई है, जिसमें दिसंबर 2025 में कोर्ट ने CBI को जांच जारी रखने की अनुमति दी थी।
सूत्रों के अनुसार, CBI टीम सबसे पहले जिला खनन कार्यालय पहुंची, जहां खनन पदाधिकारी से आवश्यक दस्तावेज और जानकारी एकत्र की गई। इसके बाद टीम खनन पदाधिकारी के साथ सकरीगली स्थित समदा घाट पहुंची और वहां प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पहले जब्त किए गए मालवाहक जहाज का निरीक्षण किया। इस दौरान खनन पदाधिकारी पूरी तरह सहयोग करते नजर आए।
टीम ने इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जांच का दायरा बढ़ाया। बताया जा रहा है कि CBI की यह टीम अगले तीन-चार दिनों तक साहिबगंज में रुकेगी और घोटाले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल करेगी। इस मामले में पहले ED ने भी व्यापक छापेमारी की थी और कई संपत्तियां जब्त की गईं।
CBI टीम के साहिबगंज पहुंचते ही स्थानीय पत्थर माफिया में हड़कंप मच गया है। सूत्रों का कहना है कि जांच की यह कार्रवाई नींबू पहाड़ सहित अन्य क्षेत्रों में हुए अवैध खनन से जुड़ी है, जिसका अनुमानित आंकड़ा हजारों करोड़ रुपये का है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने दिसंबर 2025 में झारखंड सरकार की याचिका खारिज कर CBI जांच को हरी झंडी दी थी। इस मामले में राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। जांच आगे कैसे बढ़ती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


















