मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम बैच का किया शुभारंभ
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास पर जोर देते हुए कहा कि नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के खुलने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त हो रहा है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “सरायकेला-खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना एक सराहनीय कदम है। इससे शिक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा और कोल्हान क्षेत्र को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा केंद्र मिलेगा।” उन्होंने एमबीबीएस कोर्स में नामांकित पहले बैच के छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आप एक बेहतर चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। पांच वर्षों में यह कॉलेज पूरी तरह विकसित हो जाएगा और आपसे समाज को बड़ी उम्मीदें होंगी।”
मुख्यमंत्री ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार एक मजबूत हेल्थ इकोसिस्टम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जहां गुणवत्तायुक्त पढ़ाई के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या को 25 से बढ़ाकर 30 करने का लक्ष्य है। “चुनौतियां होंगी, लेकिन चुनौतियों के बीच ही काम करने का आनंद मिलता है,” मुख्यमंत्री ने कहा। उन्होंने यह भी जोर दिया कि राज्य में अधिक से अधिक अच्छे मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और चिकित्सक आएं, इसके लिए स्वास्थ्य संरचना को हर स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, सविता महतो, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह उपस्थित थे।

















