लापता युवक की जंगल से मिली सिर कटी लाश.
Team Drishti.
कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र स्थित जंगल में एक युवक की सिर कटी लाश बरामद किया गया है। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।घटना की सूचना मिलते ही जंगल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, और मामले की जांच में जुट गई है। युवक की पहचान जरगा पंचायत के करमटाड़ निवासी अनिल कुमार भुईया (19) के रूप में की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, अनिल अपने घर के पास ही रहने वाली एक लड़की को लेकर 29 अक्टूबर की रात फरार हो गया था। अगले दिन दोनों ही वापस घर भी लौट आए। इसके बाद से दोनों के परिवार के बीच विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी। लड़की के परिजनों ने अनिल को धमकी भी दी थी। इसी बीच अनिल 2 नवंबर को घर से लापता हो गया। अनिल के परिजनों ने उसकी काफी तलाश की पर उसका कुछ पता नहीं चला। जंगल मे युवक का सिर धड़ से करीब 100 मीटर दूर फेंका मिला। युवक 2 नवंबर से अपने घर से लापता था। आशंका जाहिर की जा रही है कि युवक की हत्या प्रेम-प्रसंग में की गई है। पुलिस ने इस मामले में युवक की प्रेमिका के चाचा और एक ग्रामीण को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

















