कोडरमा: पिपचो बाजार में शराब के नशे में बहनोई ने की साले की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा; आरोपी गौतम राणा गिरफ्तार
कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जयनगर थाना क्षेत्र के पीपचो बाजार में 8 जनवरी की रात एक शव मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान सुबाष राणा के रूप में हुई, जबकि हत्या का आरोपी उसका ही बहनोई गौतम राणा निकला।
पुलिस अधीक्षक कोडरमा अनुदीप सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले की गहन जांच की। जांच में पता चला कि घटना की रात मृतक सुबाष राणा अपने बहनोई गौतम राणा, गौतम के फुफेरे भाई श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव के साथ पीपचो बाजार में शराब पी रहे थे।
श्यामसुंदर और विनोद के जाने के बाद सुबाष और गौतम ने और शराब खरीदकर पीना जारी रखा। इसी दौरान गौतम राणा ने सुबाष की पत्नी के बारे में अश्लील और गंदी बातें कीं, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस और मारपीट हो गई। गुस्से में आकर गौतम ने पास पड़े पत्थर से सुबाष के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद किया है, जो एक महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य है। मृतक की पत्नी संजु देवी ने शव की पहचान की और उनके बयान के आधार पर जयनगर थाना में कांड संख्या 06/26 दिनांक 09.01.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/238 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई पूरी कर ली है। इस मामले में पुलिस की त्वरित और प्रभावी जांच की सराहना की जा रही है।


















