राँची में भीषण शीतलहर के बीच जिला प्रशासन ने जनता, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं के लिए जारी की महत्वपूर्ण अपील

राँची में भीषण शीतलहर के बीच जिला प्रशासन ने जनता, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं के लिए जारी की महत्वपूर्ण अपील

Share
Link copied

राँची : राँची जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), राँची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार, जिले में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और शीतलहर की स्थिति येलो जोन में जारी है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जनसुरक्षा एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से आवश्यक सावधानियाँ बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में ठंड से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं जैसे सर्दी-खाँसी, निमोनिया, हाइपोथर्मिया आदि से बचाव बेहद जरूरी है।

सामान्य जनता के लिए मुख्य सावधानियाँ

ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े, स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी, दस्ताने और मोजे अवश्य पहनें। सुबह-शाम और रात में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, खासकर घने कोहरे के दौरान। घर के अंदर रहें और गर्म पेय जैसे अदरक वाली चाय, सूप आदि का सेवन करें। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों का विशेष ख्याल रखें। खुले में आग जलाकर सीधे गर्म होने से बचें, इससे सांस की समस्या या आग लगने का खतरा बढ़ सकता है।

अभिभावकों के लिए विशेष अपील

अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्क रहें। बच्चों को मोटे गर्म कपड़े पहनाकर ही घर से बाहर भेजें। यदि बच्चा बीमार महसूस करे तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। स्कूल जाने वाले बच्चों को सुबह सबसे ठंडे समय में जल्दी घर से निकालने से बचें।

स्कूल जा रहे छात्र-छात्राओं के लिए सलाह

स्कूल जाते समय पूर्ण रूप से गर्म कपड़ों में रहें और मुंह-नाक को मफलर या स्कार्फ से ढकें। ठंड से बचाव के निर्देशों जैसे गर्म पानी पीना, हल्का व्यायाम करना आदि का पालन करें। यदि ठंड के कारण अस्वस्थ महसूस हो तो तुरंत शिक्षक या अभिभावक को सूचित करें।

जिला प्रशासन स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है और आवश्यकतानुसार आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow