आलिंगुड़ जतरा टोंगरी में मकर संक्रांति पर भव्य मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
शंभू कुमार सिंह/चंद्रशेखर
सिमडेगा/बोलबा : झारखंड के सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड अंतर्गत आलिंगुड़ स्थित जतरा टोंगरी में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर एक भव्य मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने स्थानीय लोगों में भक्ति और उत्साह की लहर पैदा कर दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा रिबन काटकर उद्घाटन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सिमडेगा जिला उपाध्यक्ष श्यामसुंदर मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म, समाज एवं संस्कृति के विकास के लिए हमें एकजुट होकर निरंतर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम अपने वनगमन काल में इसी रास्ते से गुजरे थे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह स्थान बहुत जल्द ओंकारेश्वर धाम के रूप में विकसित होकर एक प्रमुख तीर्थस्थल बनेगा।
कार्यक्रम में VHP के प्रखंड अध्यक्ष टकबर सिंह, सूरजन बड़ाइक, बिनोद बड़ाइक सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सनातन संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही नागपुरी जगत की प्रसिद्ध गायिकाएं सुहाना देवी, प्रीति बारला, केशो देवी, अनीश महली, लक्ष्मन सिंह एवं अन्य कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही पारंपरिक पैकी नृत्य का प्रदर्शन भी काफी आकर्षक रहा, जिसने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
इस सफल आयोजन में समाजसेवी विश्वा सिंह, किशोर सिंह, चंद्रशेखर सिंह, लोकेन्द्र सिंह, पारस सिंह, दीपक सिंह, ललन सिंह, लखन सिंह, गौरी शंकर सिंह एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जतरा टोंगरी, जो त्रेता युग से जुड़ी धार्मिक महत्ता रखता है, यहां हर वर्ष मकर संक्रांति पर ऐसा उत्सव आयोजित होता है, जो आस्था, इतिहास और संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व का है, बल्कि स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


















