वेलस्पन वर्ल्ड झारखंड में लगाएगा ₹300 करोड़ का निवेश: प्लास्टिक उद्योग में बड़ा प्रस्ताव, क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स में भी रुचि

वेलस्पन वर्ल्ड झारखंड में लगाएगा ₹300 करोड़ का निवेश: प्लास्टिक उद्योग में बड़ा प्रस्ताव, क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स में भी रुचि

Share
Link copied

रांची/दावोस : विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) के दावोस सत्र के दौरान झारखंड के लिए एक बड़ी औद्योगिक सफलता सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री बी.के. गोयनका के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में कंपनी ने झारखंड में प्लास्टिक उद्योग के क्षेत्र में लगभग ₹300 करोड़ के निवेश का औपचारिक प्रस्ताव रखा।

यह निवेश मुख्य रूप से पीवीसी आधारित प्लास्टिक से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर केंद्रित होगा। बैठक के दौरान राज्य प्रतिनिधिमंडल ने देवघर में प्रस्तावित प्लास्टिक पार्क की पूरी जानकारी साझा की और वहां निवेश की अपार संभावनाओं से अवगत कराया। वेलस्पन वर्ल्ड की टीम जल्द ही झारखंड का दौरा कर स्थल का निरीक्षण करेगी तथा विस्तृत तकनीकी और आर्थिक अध्ययन पूरा करेगी।

क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी दिलचस्पी

वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिजों) और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में निवेश की मजबूत रुचि जताई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद स्थित लॉजिस्टिक पार्क, राज्य में उपलब्ध वेयरहाउसिंग और स्टोरेज सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।

दोनों पक्षों ने इन सभी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखने पर सहमति जताई है। यह कदम झारखंड को औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने तथा राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow