रांची में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर, 12 विभागों की झांकियां प्रदर्शित करेंगी झारखंड की संस्कृति और योजनाएं
रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन सहित विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि झांकी प्रदर्शनी की तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा, “गणतंत्र दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है और झांकी प्रदर्शनी इसका सबसे प्रमुख आकर्षण होती है। सभी विभाग अपनी झांकियों में झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं, नीतियों के साथ-साथ राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपरा और धरोहर को रचनात्मकता से प्रदर्शित करें।”
इस वर्ष समारोह में कुल 12 विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी, जो निम्नलिखित हैं:
1. वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
2. ग्रामीण विकास विभाग
3. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग
4. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग
5. कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग
6. सूचना एवं जन संपर्क विभाग
7. पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग
8. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग
9. खादी ग्रामोद्योग बोर्ड
10. परिवहन विभाग
11. महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग
12. उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग
बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।
उपायुक्त ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, बिजली, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि स्थानीय नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें समारोह में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

















