भाजपा ने सिमडेगा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए रामविलास बड़ाईक को दिया आधिकारिक समर्थन, कल सुबह 11 बजे दाखिल करेंगे नामांकन
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अब राजनीतिक गतिविधियां चरम पर पहुंच गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वरिष्ठ नेता और अनुभवी कार्यकर्ता रामविलास बड़ाईक को इस महत्वपूर्ण पद के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने उनके समृद्ध अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पुरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रामविलास बड़ाईक कल सुबह 11:00 बजे नगर परिषद कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में नामांकन जुलूस में शामिल हों और इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।
जिला अध्यक्ष ने कहा, “रामविलास बड़ाईक जी के नेतृत्व में सिमडेगा नगर का विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा। पार्टी उन्हें पूर्ण समर्थन दे रही है और हमें पूर्ण विश्वास है कि जनता भी उनका भरपूर साथ देगी।”
उम्मीदवार रामविलास बड़ाईक ने भी सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से नामांकन कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया है। कार्यकर्ताओं में इस घोषणा के बाद जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और नामांकन को भव्य बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

















