रांची पुलिस की बड़ी सफलता: अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 19 तैयार देशी बंदूकें सहित 23 हथियार बरामद
रांची : रांची पुलिस ने राजधानी के अनगड़ा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण एवं बिक्री के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 19 तैयार सिंगल बैरल देशी हथियार, 4 अर्धनिर्मित अग्नेयास्त्र और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में 60 वर्षीय नारायण लोहरा को गिरफ्तार किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को शाम करीब 6:40 बजे सूचना मिली कि अनगड़ा थाना अंतर्गत ग्राम सीताडीह में एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियार बनाकर बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अनगड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नारायण लोहरा के घर पर छापामारी की। पूछताछ पर आरोपी ने अवैध हथियार निर्माण एवं बिक्री की बात स्वीकार की। घर की तलाशी में 10 पीस तैयार सिंगल बैरल हथियार बरामद हुए, जबकि घर के पीछे एल्वेस्टर (शौचालय) के नीचे छिपाकर रखे 9 पीस सिंगल बैरल, 4 अर्धनिर्मित अग्नेयास्त्र और हथियार निर्माण के उपकरण जब्त किए गए। कुल 19 तैयार देशी हथियार, 4 अर्धनिर्मित हथियार और संबंधित उपकरण बरामद हुए।
आरोपी से वैध लाइसेंस या कागजात मांगने पर कोई दस्तावेज नहीं दिया गया। इस संबंध में अनगड़ा थाना कांड संख्या-14/26, दिनांक 06.02.2026 के अंतर्गत धारा 25/25(1-8)a आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















