मिर्जाचौकी में जल जमाव की समस्या पर उपायुक्त हेमंत सती ने किया स्थल निरीक्षण, कहा – शीघ्र होगी ठोस कार्रवाई
साहिबगंज : मिर्जाचौकी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल जमाव और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर उपायुक्त हेमंत सती ने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के इलाकों में जमा पानी की स्थिति का गहन जायजा लिया तथा समस्या की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत में उपायुक्त ने उनकी परेशानियां सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि मानसून सीजन में नालों की उचित व्यवस्था न होने से सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। उपायुक्त ने ग्रामीणों को पूर्ण आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि मिर्जाचौकी क्षेत्र के लिए नालों की मरम्मत, चौड़ाई, गहराई एवं सड़क संरचना सहित एक विस्तृत डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार की जाए। डीपीआर में जल निकासी की दिशा, क्षमता और तकनीकी पहलुओं का समुचित आकलन अनिवार्य होगा, ताकि दीर्घकालिक रूप से समस्या का निदान हो सके।
इसके साथ ही उपायुक्त ने बरसात से पहले अस्थायी उपायों को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए, जैसे नालों की सफाई, जल निकासी के अस्थायी मार्ग बनाना आदि, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न झेलनी पड़े।
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा, “जिला प्रशासन जनता की हर समस्या के प्रति संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। हम पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। मिर्जाचौकी की जल जमाव समस्या को प्राथमिकता पर लिया गया है और शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।” निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रभावित क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।


















