साहिबगंज में सनसनी ; मां ने प्रेमी संग मिलकर बेटे की गला घोंटकर की हत्या, शव तालाब में फेंका
साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक माँ ने अपने अवैध प्रेम संबंध को छिपाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही 14 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने गहन जांच के बाद मामले का खुलासा किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक आयुष कुमार ने 7 फरवरी की रात करीब 9 बजे अपनी मां मीनू देवी को उसके ममेरे भाई यानी भांजे रोहित साहा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आयुष ने इस संबंध का विरोध किया और इसे परिवार या समाज में उजागर करने की बात कही। राज खुलने के डर से मीनू देवी और रोहित साहा ने मिलकर आयुष का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के पास तालाब में फेंक दिया, ताकि यह हादसा लगे।
घटना के बाद आयुष के पिता हेमंत कुमार साहा ने बरहरवा थाने में सूचना दी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और थाना कांड संख्या 28/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम ने मृतक की माँ मीनू देवी और रोहित साहा को संदिग्ध मानकर पूछताछ की। विशेष पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल लिया। जांच में पता चला कि मीनू देवी और रोहित साहा के बीच पिछले दो वर्षों से अवैध संबंध चल रहे थे।
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया, “यह मामला बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला है। आरोपी माँ और उसके प्रेमी ने बेटे को सिर्फ इसलिए मार डाला क्योंकि वह उनके अवैध संबंध का गवाह बन गया था। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल की जाएगी।”


















