लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी देवी के पति को पद से हटाने की मांग, भाजपा पहुंची राज्य चुनाव आयोग

लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी देवी के पति को पद से हटाने की मांग, भाजपा पहुंची राज्य चुनाव आयोग

Share
Link copied

रांची: भाजपा ने लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव में गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में मांग की है कि अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी देवी के पति नीलेश टोप्पो को चुनाव परिणाम तक उनके सरकारी पद से तत्काल मुक्त किया जाए या उनका तबादला किया जाए।

नीलेश टोप्पो सहायक सोशल सिक्योरिटी सेल, समाहरणालय लातेहार में पदस्थापित सरकारी कर्मचारी हैं। भाजपा का आरोप है कि वे अपनी पत्नी बिलासी देवी को चुनाव जिताने के लिए सरकारी पद और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं। यह मामला सरकारी कर्मचारियों के आचरण संहिता (Service Code of Conduct) का उल्लंघन होने के साथ ही हितों के टकराव (Conflict of Interest) का भी गंभीर मामला है।

सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिन पहले 9 फरवरी को इसकी लिखित शिकायत लातेहार जिला निर्वाची पदाधिकारी (जो अपर समाहर्ता भी हैं) के पास की गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। निर्वाचन नियमों के अनुसार, यदि किसी सरकारी कर्मचारी का पति/पत्नी या निकट संबंधी चुनाव लड़ रहा हो, तो उसे पहले से ही निर्वाची पदाधिकारी और अपने विभाग को सूचित करना अनिवार्य है। साथ ही चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक उसे पद से मुक्त रखा जाना चाहिए।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नीलेश टोप्पो को शिकायत के बावजूद न हटाया जाना संदेह पैदा कर रहा है कि लातेहार में चुनावी प्रक्रिया पक्षपातपूर्ण तरीके से संचालित हो रही है। इससे निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में सुधीर श्रीवास्तव के अलावा सूरज चौरसिया और सुबोध कांत भी शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow