पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला: चाकू और पत्थर से किया अटैक, महिला की हालत गंभीर
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति ने अपनी पत्नी पर जान मारने की नीयत से चाकू और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना के अनुसार, अलींगुड मुंडन टोली निवासी अजय डुंगडुंग अपनी पत्नी एलिना केरकेट्टा के साथ आज सुबह सरईपानी (ससुराल) से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अजय को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध होने का शक हो गया। इसी शक के चलते उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
गुस्से में आकर अजय ने पहले चाकू से एलिना पर हमला किया और फिर उसे पत्थर से कुचलने लगा। जब महिला अधमरी हो गई, तो आरोपी उसे जंगल के बीच में छोड़कर फरार हो गया।
राहगीरों ने बीच जंगल में घायल महिला को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल एलिना को बोलबा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी पति अजय डुंगडुंग को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
बोलबा थाना पुलिस ने बताया कि यह मामला घरेलू हिंसा और हत्या के प्रयास से जुड़ा है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 324 (खतरनाक हथियार से हमला) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।

















