जम्मू के आरएस पुरा बाल सुधार गृह से सनसनीखेज वारदात: दो पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन कैदी फायरिंग कर फरार, दो पुलिसकर्मी घायल

जम्मू के आरएस पुरा बाल सुधार गृह से सनसनीखेज वारदात: दो पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन कैदी फायरिंग कर फरार, दो पुलिसकर्मी घायल

Share
Link copied

जम्मू : जम्मू जिले के आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह (Juvenile Home) में सोमवार शाम को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई, जिसके बाद दो पाकिस्तानी नागरिकों और एक स्थानीय युवक ने पुलिस पर कट्टे से फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला कर फरार हो गए। इस घटना में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। डीजीपी नलिन प्रभात ने मौके पर पहुंचकर लापरवाही के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया है।

घटना सोमवार शाम करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है। फरार होने से पहले तीनों आरोपियों ने सुधार गृह में बंद अन्य 27 बंदियों को एक कमरे में बंद कर दिया था। जब ड्यूटी पर तैनात एसपीओ विनय चौधरी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो तीनों ने उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव में आए हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार पर भी तेजधार हथियार से वार किया गया। दोनों पुलिसकर्मी खून से लथपथ हो गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

इस दौरान अन्य पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। फरार तीनों आरोपियों की पहचान मोहम्मद सुना-उल (पाकिस्तानी नागरिक), एहसान अली (पाकिस्तानी नागरिक) और करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा (आरएस पुरा के दबलैड का निवासी) के रूप में की गई है। तीनों लंबे समय से बाल सुधार गृह में बंद थे और गंभीर आपराधिक मामलों में उनकी संलिप्तता बताई जा रही है। विशेष रूप से मोहम्मद सुना-उल पर 2021 में एलओसी पार करने का मामला दर्ज था।

घटना के बाद डीजीपी नलिन प्रभात ने मौके का दौरा किया और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और नाकाबंदी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow