सारंडा जंगल में नक्सली आईईडी ब्लास्ट: सीआरपीएफ कोबरा 209 बटालियन के दो जवान घायल, एक की हालत गंभीर; रांची एयरलिफ्ट
पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के अति नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में शनिवार को भाकपा माओवादी नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी के विस्फोट में सीआरपीएफ की 209 कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना छोटा नागरा थाना क्षेत्र के चडरी डेरा गांव के निकट हुई, जहां सुरक्षा बल संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी सर्च अभियान चला रहे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस और सीआरपीएफ के जवान घने जंगल में ऑपरेशन पर निकले थे, तभी आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से दोनों जवानों को गंभीर चोटें आईं। एक जवान की हालत विशेष रूप से गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल से तत्काल निकालकर घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची लाया जा रहा है।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब जवान नक्सल विरोधी अभियान के दौरान जंगल में तलाशी अभियान चला रहे थे। उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा जंगल में पहले से प्लांट किए गए आईईडी सुरक्षा बलों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।
यह घटना सारंडा के घने जंगलों में चल रहे माओवाद विरोधी अभियानों के दौरान आई है, जहां हाल के महीनों में सुरक्षा बलों ने कई सफल ऑपरेशन किए हैं, लेकिन नक्सलियों की ओर से आईईडी हमले लगातार चुनौती पेश कर रहे हैं।

















