झारखंड के युवा शतरंज प्रतिभा अधिराज मित्रा ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात, राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर मिली बधाई

झारखंड के युवा शतरंज प्रतिभा अधिराज मित्रा ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात, राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर मिली बधाई

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज अपने आवासीय कार्यालय में राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 (अंडर-14 ओपन) में स्वर्ण पदक विजेता युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा से मुलाकात की। जमशेदपुर के लोयला स्कूल में 8वीं कक्षा के छात्र अधिराज ने मुख्यमंत्री को मलेशिया में 7 से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के अपने अनुभव साझा किए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अधिराज ने बताया कि राष्ट्रमंडल के कई शीर्ष देशों के मजबूत खिलाड़ियों के बीच उन्होंने अजेय प्रदर्शन करते हुए 9 राउंड में 8 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने अजेय रहते हुए केवल दो ड्रॉ लिए और अपनी रणनीतिक गहराई, धैर्य तथा दबाव में शांत रहने की क्षमता से सभी को प्रभावित किया। यह उपलब्धि झारखंड के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि अधिराज राज्य के पहले ऐसे शतरंज खिलाड़ी बने हैं जिन्होंने राष्ट्रमंडल स्तर पर यह स्वर्ण पदक जीता।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिराज को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “झारखंड के युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति जबरदस्त जज्बा और प्रतिभा है। अधिराज जैसे बच्चे राज्य का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। विभिन्न खेलों में हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।” उन्होंने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राज्य सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अधिराज की माता रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा तथा उनके कोच अभिषेक दास भी उपस्थित थे। अधिराज की यह मुलाकात झारखंड के युवा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हुई है।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now