गेतलसूद शराब दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेतलसूद बाजार में स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त कंपोजिट शराब दुकान पर 3 मार्च की रात करीब 9:30 बजे तीन अपराधियों ने बेखौफ होकर फायरिंग की थी। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी और पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मात्र तीन दिनों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!3 मार्च 2026 की रात आरोपियों ने दुकान पर पहुंचकर स्टाफ से मुफ्त शराब मांगी। जब स्टाफ ने मना किया तो उन्होंने गाली-गलौज की और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। दुकान के कर्मचारी किसी तरह काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक, सिल्ली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 6 मार्च की सुबह ग्राम जोन्हा मुर्गी पोल्ट्री फार्म के पास छापेमारी की और तीनों अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधी
देव सिंह मुंडा : इसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें अपहरण, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, रंगदारी आदि शामिल हैं। कुल 9 मामले दर्ज।
गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव : इसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित 12 से अधिक मामले दर्ज हैं।
भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा : इसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी रिवाल्वर। एक देशी कट्टा। 19 जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच चल रही है।

















