सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई बस से तस्करी कर ले जाया जा रहा करीब 8 किलो गांजा जब्त, बिहार का तस्कर गिरफ्तार
सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई बस से तस्करी कर ले जाया जा रहा करीब 8 किलो गांजा जब्त, बिहार का तस्कर गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नरेश शर्मा
सिमडेगा जिला के बांसजोर थाना क्षेत्र से पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राउरकेला से सिमडेगा आ रही ताज यात्री बस में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो बैग में छिपाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बांसजोर थाना क्षेत्र के खमनटांड चेक पोस्ट के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान राउरकेला की ओर से आ रही ताज बस को रोककर जब तलाशी ली गई, तो सीट नंबर 23 पर बैठे एक यात्री के पास से संदिग्ध बैग और सामान बरामद हुआ।पकड़े गए व्यक्ति के पास मौजूद एडिडास कंपनी के बैग और एक प्लास्टिक की बोरी की जांच करने पर कुल 7 पैकेट गांजा बरामद किया गया।
तौल करने पर गांजे का कुल वजन 7.862 किलोग्राम पाया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान लव पाण्डेय (40 वर्ष), पिता- राजवंश पाण्डेय, निवासी- मल्हार कला, थाना- चेनारी, जिला- रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ बासजोर ओ.पी. (जलडेगा थाना) में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, के साथ बांसजोर ओ.पी. प्रभारी पु.अ.नि. दीपेश कुमार, स.अ.नि. बुधवा मुण्डा और आरक्षी रेशमा बरवा मुख्य रूप से शामिल थे।















