रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी व एसपी ने पूरे मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : रामनवमी पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने शनिवार को रामनवमी जुलूस मार्ग का विस्तृत संयुक्त निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने भट्टीटोली, पावर हाउस, केलाघाट मोड़ से मुख्य मार्ग होते हुए नीचे बाजार और महावीर चौक से झूलन सिंह चौक तक पैदल मार्च कर पूरा रूट देखा। इस दौरान उन्होंने मार्ग की संवेदनशील जगहों, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जुलूस के समय किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि त्योहार बिना किसी परेशानी के मनाया जा सके।
उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने रामनवमी समिति के सदस्यों से भी मुलाकात की और त्योहार को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “जिले में सामाजिक समरसता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्थिति में अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए।”
अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामनवमी के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की जाएगी।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, डीएसपी रनवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।


















