गढ़वा : श्री बंशीधर नगर ग्राहक बनकर आया …दुकान में घुसा… व्यापारी को मारी गो’ली, हमलावर फरार
गढ़वा : श्री बंशीधर नगर ग्राहक बनकर आया …दुकान में घुसा… व्यापारी को मारी गो’ली, हमलावर फरार

विनय तिवारी
गढ़वा 28 मार्च : झारखंड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरखोरिया गांव में शनिवार सुबह दिनदहाड़े एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया। अज्ञात अपराधी ने ग्राहक बनकर दुकान में घुसकर व्यवसायी उमेश मेहता (50) को गोली मार दी। गोली उनके बाएं कंधे में लगी, जो आर-पार हो गई।घटना की जानकारी के अनुसार, उमेश मेहता स्व. जय गोविंद महतो के पुत्र हैं और नरखोरिया गांव में अपनी दुकान चलाते हैं। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे वे अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी एक युवक सिगरेट और गुटखा लेने के बहाने दुकान में पहुंचा। जैसे ही उमेश मेहता सामान देने लगे, हमलावर ने अचानक हथियार निकाला और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उमेश मेहता मौके पर गिर पड़े।
घटना के बाद दुकान के आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल उमेश मेहता को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों (सीसीटीवी फुटेज आदि) और स्थानीय सूत्रों के आधार पर छापेमारी कर रही है। इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
व्यापारियों में भय का माहौल
इस घटना के बाद नरखोरिया और आसपास के इलाके के व्यापारियों में डर का माहौल व्याप्त है। दिनदहाड़े दुकान में घुसकर फायरिंग की घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द अपराधी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

















