रांची पुलिस की हाईटेक निगरानी व्यवस्था: अब हर पेट्रोलिंग वाहन पर कंट्रोल रूम की नजर
रांची : राजधानी रांची में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा कम्पोजिट कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी पेट्रोलिंग वाहनों की गतिविधियों की आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी पेट्रोलिंग वाहनों में जीपीएस सिस्टम स्थापित कर दिया गया है। इस तकनीक के जरिए वाहनों की मूवमेंट, वर्तमान लोकेशन, गंतव्य दिशा और किसी स्थान पर पहुँचने में लगने वाले समय की सटीक जानकारी अब रियल-टाइम में प्राप्त की जा रही है। इन सभी गतिविधियों की निगरानी सीधे कम्पोजिट कंट्रोल रूम से की जा रही है, जिससे हर वाहन पर लगातार नजर रखी जा सके।
इस नई व्यवस्था से आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय में काफी सुधार आने की उम्मीद है। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही नजदीकी पेट्रोलिंग वाहन को तुरंत निर्देशित कर मौके पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मजबूती आएगी, बल्कि आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी इस तकनीक का पूर्ण रूप से उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि पुलिसिंग प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित शहरी क्षेत्र एवं यातायात से जुड़े सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

















