झुंड से बिछुड़े जंगली हाथी का आतंक: घर उजाड़ा, ग्रामीणों में दहशत
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : जिले के बोलबा प्रखंड अंतर्गत आलिंगुड घघरी डीपा गांव में एक जंगली हाथी के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। झुंड से बिछुड़े इस हाथी ने बीती देर रात एक घर को पूरी तरह उजाड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक हाथी गांव में घुस आया। हाथी के प्रवेश करते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत होकर अपने-अपने घरों में दुबक गए। इसी दौरान हाथी ने सूरज कुमार सिंह के घर को निशाना बनाते हुए उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि हाथी ने घर में रखे चावल, महुआ समेत अन्य खाद्य सामग्री को खा लिया और घरेलू सामान को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और उन्होंने प्रशासन से मुआवजा व सहायता की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह हाथी पिछले करीब दो वर्षों से झुंड से अलग होकर क्षेत्र में भटक रहा है और समय-समय पर जान-माल को नुकसान पहुंचा चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द हाथी को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। साथ ही प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है।


















