गुड फ्राइडे के चलते भाजपा ने बदली ‘झारखंड बंद’ की तारीख, अब 4 अप्रैल को बंद
रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व घोषित ‘झारखंड बंद’ की तिथि में बदलाव करते हुए अब इसे 4 अप्रैल को आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी ने यह निर्णय गुड फ्राइडे के मद्देनजर लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने बताया कि पार्टी सभी धर्मों और संप्रदायों का सम्मान करती है, इसलिए किसी भी धार्मिक कार्यक्रम में बाधा न बने, इसे ध्यान में रखते हुए बंद की तारीख बदली गई है।
पार्टी ने बताया कि 3 अप्रैल को राज्य के सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके माध्यम से राज्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।सीआदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध आम हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है और भ्रष्टाचार में लिप्त है।
उन्होंने 24 मार्च को हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंबा गांव में नाबालिग के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए इसे बेहद गंभीर और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं राज्य की बिगड़ती स्थिति को दर्शाती हैं। भाजपा ने स्पष्ट किया कि 4 अप्रैल को झारखंड बंद कर राज्य सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि जनता अब सड़कों पर उतरकर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए तैयार है।


















