रांची में छिनतई कांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार, मोबाइल व बाइक बरामद
रांची : पंडरा ओपी थाना कांड संख्या 137/26 दिनांक 14.04.2026, धारा 304(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज छिनतई मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामले की वादी चंचल कुमारी (20 वर्ष), पिता कन्हाई विश्वकर्मा, मूल निवासी गुरहाकला थाना रहल जिला पलामू एवं वर्तमान निवासी शहजानंद चौक, बसंत बिहार, थाना अरगोड़ा, रांची ने लिखित आवेदन देकर तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों द्वारा मोबाइल छीनकर फरार होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। जांच के क्रम में घटना में संलिप्त दो अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. इमरान उर्फ कूकू, मो. एहसान उर्फ कोलू शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मो. इमरान उर्फ कूकू के घर से छिनतई किया गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FV3890) बरामद कर जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है तथा फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

















