बोकारो: कथारा कोलियरी में CBI का बड़ा छापा, 35 हजार रिश्वत लेते कार्मिक प्रबंधक और बिचौलिया गिरफ्तार
बोकारो: कथारा कोलियरी में CBI का बड़ा छापा, 35 हजार रिश्वत लेते कार्मिक प्रबंधक और बिचौलिया गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले अंतर्गत बेरमो स्थित कथारा कोलियरी (CCL) में शुक्रवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की धनबाद टीम ने कथारा कोलियरी के कार्मिक प्रबंधक (Personnel Manager) सुभाष चन्द्र को 35,हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक बिचौलिए शमशुल हक को भी दबोचा गया है।
रिटायरमेंट के पैसे के बदले मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, कथारा कोलियरी से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी कारू मांझी का बकाया भुगतान लंबित था। कारू मांझी का परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था। आरोप है कि उनके बकाया राशि (Arrears) के भुगतान को क्लियर करने के बदले कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र ने 35 हजार की मांग की थी।
परेशान होकर सेवानिवृत्त कर्मचारी के पुत्र सुरेश किस्कू ने इसकी शिकायत सीबीआई के धनबाद कार्यालय में की।
CBI ने बिछाया जाल, रंगे हाथ दबोचे गए आरोपी
शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई के एसपी डीएल मीणा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व डीएसपी प्रियरंजन कर रहे थे। शुक्रवार को योजना के अनुसार, जैसे ही सुरेश किस्कू ने कथारा कोलियरी स्थित परियोजना कार्यालय में कार्मिक प्रबंधक को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से मुस्तैद सीबीआई की टीम ने उन्हें और बिचौलिए शमशुल हक को गिरफ्तार कर लिया।
कोयलांचल में हड़कंप
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम दोनों आरोपियों को सीसीएल गेस्ट हाउस ले गई, जहाँ उनसे लंबी पूछताछ की गई। इस छापेमारी के बाद पूरे सीसीएल (CCL) कथारा क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने सीबीआई की इस कार्रवाई की सराहना की है। चर्चा है कि इस मामले में पूछताछ के दौरान कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
















