बोकारो पुलिस की बड़ी लापरवाही: 4 साल बाद कब्र से निकला लापता युवक का कंकाल, हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद खुला राज
बोकारो पुलिस की बड़ी लापरवाही: 4 साल बाद कब्र से निकला लापता युवक का कंकाल, हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद खुला राज

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चास थाना क्षेत्र के भर्रा से 4 साल पहले लापता हुए युवक खालिक अंसारी का नरकंकाल सोमवार को पुलिस ने कब्रिस्तान के पास से बरामद किया। यह सफलता बोकारो पुलिस को तब मिली जब मामला झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा और अदालत के सख्त निर्देश पर नई SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया।
क्या है पूरा मामला?
16 जून 2022 को इलेक्ट्रोस्टील वेदांता कंपनी में कार्यरत खालिक अंसारी अपनी पत्नी से “थोड़ी देर में आता हूँ” कहकर घर से निकला था, लेकिन वह कभी वापस नहीं लौटा। 18 जून को उसकी पत्नी हीना ने चास थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चौंकाने वाली बात यह थी कि पत्नी ने अपने ही सास-ससुर पर पति को गायब करने का आरोप लगा दिया था।
पुलिस की संवेदनहीनता: अपनों पर ही चला डंडा
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने असली दोषियों को पकड़ने के बजाय पीड़ित माता-पिता को ही प्रताड़ित किया। पुलिस ने परिजनों पर 24 घंटे के अंदर बेटे को हाजिर करने का दबाव बनाया और यहाँ तक कि उनके घर की कुर्की-जब्ती भी कर ली। मृतक के मामा, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने बताया कि वे सालों तक पुलिस और कोर्ट के चक्कर काटते रहे, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे थे।
SIT ने 3 दिन में किया खुलासा
जब परिजनों ने थक-हारकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तो 15 और 21 अप्रैल 2026 को हुई सुनवाई के बाद पुलिस हरकत में आई। नई SIT ने उसी संदिग्ध (मकान मालिक का भतीजा) को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसे 2022 में मोबाइल मिलने के बावजूद पुलिस ने छोड़ दिया था। आरोपी की निशानदेही पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई कर नरकंकाल बरामद किया गया।
जांच पर उठते बड़े सवाल:
सबूत के बाद भी ढिलाई क्यों? 2022 में जब आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल मिला था, तब उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?
गुमराह हुई पुलिस? क्या पुलिस ने बिना जांच किए सिर्फ पत्नी के आरोपों के आधार पर बुजुर्ग माता-पिता को निशाना बनाया?
हत्या का कारण क्या?आखिर 4 साल पहले खालिक की हत्या क्यों की गई? पुलिस फिलहाल इस पर चुप्पी साधे हुए है।
अब DNA टेस्ट का इंतजार
पुलिस ने बरामद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब DNA टेस्ट के जरिए आधिकारिक पुष्टि की जाएगी कि यह अवशेष खालिक अंसारी के ही हैं। इस मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी की खबर है, हालांकि पुलिस आधिकारिक बयान देने से बच रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट, दृष्टि नाउ
















