Vatsalya Balika Grih

सरायकेला: बालिका गृह से दो नाबालिगों की फरारी पर प्रशासन ने मानी लापरवाही, DC ने दिए जांच के आदेश

Share
Link copied

सरायकेला के छोटा गम्हरिया स्थित वात्सल्य बालिका गृह से दो नाबालिगों की फरारी पर डीसी ने मानी लापरवाही। जानिए क्या है पूरा मामला।

Vatsalya Balika Grih

सरायकेला-खरसावां: जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित छोटा गम्हरिया के ‘वात्सल्य बालिका गृह’ से दो नाबालिग बच्चियों के फरार होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था की एक बड़ी चूक स्वीकार किया है।

​सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, DC की फटकार

​सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त (DC) नितीश कुमार सिंह ने मामले की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि बालिका गृह संचालक द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। इसी लापरवाही के कारण दोनों नाबालिग बच्चियां बालिका गृह के सुरक्षा घेरे को तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहीं। उन्होंने घटना के 72 घंटे बाद भी बच्चियों का सुराग नहीं मिल पाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है।

​अफवाहों पर डीसी की अपील

​सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई तरह की भ्रामक खबरें चल रही हैं। इनमें एक दावा यह भी किया जा रहा था कि फरार बच्चियों में से एक को उसके कथित प्रेमी के साथ देखा गया है। उपायुक्त ने इन खबरों को पूरी तरह से निराधार और भ्रामक करार दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस की जांच में सहयोग करें।

​क्या है पूरा मामला?

​बीते मंगलवार की शाम वात्सल्य बालिका गृह से जमशेदपुर के पोटका और सरायकेला के कुचाई दलभंगा की रहने वाली दो नाबालिग छात्राएं रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। इन दोनों बच्चियों को हाल ही में रेस्क्यू कर इस गृह में रखा गया था।

​बरामदगी के बाद खुलेंगे राज

​प्रशासन ने दावा किया है कि बच्चियों की बरामदगी के लिए जिला पुलिस की विशेष टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। उपायुक्त ने कहा कि बच्चियां किस परिस्थिति में बाहर निकलीं और इसमें संस्था के किसी कर्मचारी की मिलीभगत है या नहीं, यह सच बच्चियों के मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।