रांची में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

रांची पुलिस ने गोंदा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चाँदनी चौक, धावन नगर स्थित रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, डेबिट कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 की रात करीब 8 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ लोग साइबर ठगी से संबंधित गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में गोंदा थाना प्रभारी और सशस्त्र बल की टीम ने फ्लैट में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान फ्लैट से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी पहचान पत्र बनाकर बैंक खाते खोलते थे और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में करते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि फ्लैट “निखिल भैया” नामक व्यक्ति का है, जिसने उन्हें साइबर क्राइम करना सिखाया था।
गिरफ्तार आरोपियों में जामताड़ा निवासी काजल कुमार मंडल (24), रामगढ़ निवासी आनंद कुमार (18), बोकारो निवासी बिक्की कुमार (23), रामगढ़ निवासी शाकिब अंसारी (20) और रामगढ़ निवासी आर्यन कुमार (17) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से विभिन्न बैंकों की 50 पासबुक, 26 डेबिट कार्ड, 8 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन और 3 आधार कार्ड बरामद किए हैं। सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में गोंदा थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















