Ranchi Police को बड़ी सफलता, PLFI का स्टेट चीफ अमृत होरो गिरफ्तार

Jharkhand Police को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन People Liberation Front of India के स्टेट चीफ और 10 लाख के इनामी उग्रवादी अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नक्सली पर्चे बरामद किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से झारखंड में सक्रिय था और रांची समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उस पर 50 से अधिक नक्सली मामले दर्ज हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को सूचना मिली थी कि PLFI का स्टेट चीफ अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल में मौजूद है और किसी बड़ी नक्सली घटना की योजना बना रहा है। इसके बाद ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन में डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने देर रात जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर एक हथियारबंद व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या के रूप में बताई। पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली के पास से एक स्वचालित पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन, PLFI के नक्सली पर्चे बरामद किए हैं।
लेवी और रंगदारी का नेटवर्क
पूछताछ में खुलासा हुआ कि PLFI संगठन के नाम पर व्यवसायियों और ठेकेदारों को फोन और सोशल मीडिया ऐप के जरिए धमकी देकर लेवी मांगी जाती थी। कई मामलों में करोड़ों की परियोजनाओं को निशाना बनाया गया।
कई बड़ी घटनाओं में था शामिल
पुलिस के मुताबिक अमृत होरो कई चर्चित मामलों में शामिल रहा है। इनमें 2023 में लापुंग में राजेश कुमार साहू की हत्या, जलमीनार निर्माण कार्य में 20 लाख की लेवी मांग, खूंटी में रेल लाइन परियोजना पर फायरिंग और रोड रोलर जलाना, गुमला और लोहरदगा में व्यवसायियों व राशन दुकानदारों से रंगदारी, रांची के कारोबारी संजय सिंह उर्फ मंटू सिंह को धमकी जैसी घटनाएं शामिल हैं।
PLFI नेतृत्व को बड़ा झटका
रांची पुलिस ने दावा किया है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी से प्रतिबंधित PLFI संगठन के नेतृत्व ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठन के नेटवर्क और फंडिंग से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
















