“चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ, माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं माहवारी संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिमडेगा जिले में 29 मई से 4 जून तक चलने वाले “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ उपायुक्त कंचन सिंह ने समाहरणालय सभागार में किया।
अभियान के उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में माहवारी को लेकर मौजूद झिझक, संकोच और भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता बेहद आवश्यक है।
उपायुक्त ने कहा कि माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल महिलाओं और किशोरियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पुरुषों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक सोच विकसित होगी और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता पर नियमित चर्चा सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेरेंट्स डे जैसे आयोजनों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर इस विषय पर संवाद को बढ़ावा दिया जाए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को रेड डॉट दिखाकर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा माहवारी से जुड़े मिथकों को तोड़ने की शपथ दिलाई गई।
अभियान के शुभारंभ समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, किशोरियां, महिलाएं एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। यह अभियान जिले में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं तथा किशोरियों के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर खुली चर्चा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
















