Ganja worth Rs 30.50 lakh seized at Ranchi railway station, three smugglers arrested

रांची रेलवे स्टेशन पर 30.50 लाख रुपये का गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

Share
Link copied
Ganja worth Rs 30.50 lakh seized at Ranchi railway station, three smugglers arrested
Ganja worth Rs 30.50 lakh seized at Ranchi railway station, three smugglers arrested

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30.50 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची, आरपीएफ पोस्ट रांची और आरपीएफ अपराध शाखा की संयुक्त टीम रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस के बी-3 कोच में तीन संदिग्ध युवक चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग के साथ पाए गए।

पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने बैगों में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद ट्रेन के रवाना होने पर तीनों को उनके सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारकर विधिसम्मत जांच की गई।

जांच में आयुष सिंह (22 वर्ष), प्रिंस कुमार (21 वर्ष) और अंकित पाठक (19 वर्ष), सभी निवासी बक्सर (बिहार), के कब्जे से कुल 61 पैकेट गांजा (61 किलोग्राम) तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ रांची प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में डीडी किट से परीक्षण किए जाने पर बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद गांजा और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया। आरपीएफ ने तीनों आरोपियों को जब्त सामग्री एवं लिखित प्राथमिकी के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया है।

इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार, इंस्पेक्टर लालबहादुर, एएसआई योगेंद्र कुमार, अनिल कुमार, अभिषेक कुमार तथा आरपीएफ स्टाफ ए.जे. अंसारी, आर.के. सिंह, हेमंत और छोटे कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।