रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन NARCOS में बड़ी सफलता: 7.5 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
हटिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन NARCOS के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 12 फरवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ हटिया की फ्लाइंग टीम, अपराध शाखा रांची और पोस्ट हटिया की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 03 पर सघन चेकिंग की।
टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हल्के हरे रंग के ट्रॉली बैग के साथ बैठे देखा। पूछताछ पर उसने अपना नाम मोहन प्रसाद (उम्र लगभग 60 वर्ष), पिता स्व. लक्ष्मण प्रसाद, निवासी नागा रोड, वार्ड संख्या-10, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) बताया। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसके बैग में प्लास्टिक में लिपटा गांजा है।
मौके पर पहुंचे एएससी आरपीएफ अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी ली गई। जांच में ट्रॉली बैग से भूरे प्लास्टिक में लिपटे कुल 09 पैकेट गांजा बरामद हुए। कुल वजन 7.5 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग।₹3,75,000/- बताई गई है।
बरामद गांजा को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह यह गांजा धनपाली, संबलपुर (ओडिशा) से रंजीत कुमार पंडित के माध्यम से प्राप्त कर रक्सौल (बिहार) ले जा रहा था।
रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चल रही इस सतर्कता भरी मुहिम में पोस्ट कमांडर आरपीएफ हटिया के पर्यवेक्षण में कार्रवाई सफल रही। समस्त औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अभियुक्त और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया।


















