81-kg-ganja-recovered-utkal-express

उत्कल एक्सप्रेस से 8.1 किलो गांजा बरामद, चक्रधरपुर में RPF की कार्रवाई

Share
Link copied

चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर RPF ने कार्रवाई करते हुए उत्कल एक्सप्रेस से 8.1 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4.05 लाख रुपये बताई गई है। गांजा गहरे नीले रंग के एक ट्रॉली बैग में नौ पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। बैग ट्रेन के B-2 कोच में बर्थ के नीचे लावारिस हालत में मिला।

Advertisment
Advertisment

RPF के मुताबिक, 20 सितंबर को ट्रेन संख्या 18477 उत्कल एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे TTE अरविंद कुमार ने एक संदिग्ध ट्रॉली बैग की सूचना RPF को दी। ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने के बाद RPF टीम ने B-2 कोच में तलाशी शुरू की।

उपनिरीक्षक जयनंदन मिश्रा के नेतृत्व में ASI संतोष कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल रीना कुमारी और रबीना दास ने कोच की जांच की। तलाशी के दौरान बर्थ नंबर 28 के नीचे गहरे नीले रंग का ट्रॉली बैग मिला। आसपास बैठे यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।

Advertisment
Advertisment

इसके बाद RPF ने बैग को प्लेटफॉर्म पर उतारा और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। अधिकारियों की मौजूदगी में बैग खोलने पर अंदर भूरे रंग की टेप से लिपटे नौ पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।

बरामद मादक पदार्थ को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय ले जाया गया, जहां वाणिज्यिक विभाग के अधिकारी अजय कुमार एवं वाणिज्यिक अधीक्षक की मौजूदगी में उसका वजन कराया गया। सभी नौ पैकेटों का कुल वजन 8.1 किलो पाया गया। RPF ने इसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 5 हजार रुपये आंकी है।

Advertisment
Advertisment

RPF ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्ती सूची तैयार कर गांजा जब्त कर लिया। इसके बाद बरामद मादक पदार्थ और संबंधित दस्तावेज आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (GRP), चक्रधरपुर को सौंप दिए गए।

मामले में GRP चक्रधरपुर ने NDPS अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा ट्रेन में किसने रखा था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।