five-lakh-stolen-plywood-establishment-jugsalai

जुगसलाई में प्लाईवुड प्रतिष्ठान का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी, हेलमेट पहने चोर सीसीटीवी में कैद

Share
Link copied

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मलिक प्लाईवुड एंड डेवलोपर्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार देर रात चोरों ने धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य की नकदी और सामान चोरी कर लिया। सोमवार सुबह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे संचालक ने कार्यालय का सामान बिखरा देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

Advertisment
Advertisment

प्रतिष्ठान के संचालक सुमित मलिक के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:20 बजे एक युवक ऊपरी हिस्से की ओर से प्रतिष्ठान में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। युवक ने पहले ग्रिल का तार काटा और फिर शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। हेलमेट पहने युवक ने कार्यालय में रखी फाइलों और दस्तावेजों को खंगाला। इसके बाद उसने सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलने अथवा उसे बंद करने का प्रयास किया। इस दौरान उसका चेहरा कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।

Advertisment
Advertisment

सुमित मलिक ने बताया कि चोर कार्यालय से एक लाख रुपये से अधिक नकद, एक लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति तथा दीपावली के लिए हर वर्ष जमा किए जाने वाले चांदी और एक ग्राम सोने के सिक्के ले गए। कुछ जरूरी फाइलें और दस्तावेज भी गायब मिले हैं। चोरी गए कागजात की पूरी सूची तैयार की जा रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, चोरी की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये है।

RKDF
advertisement

कर्मचारी ललित जुनेजा ने बताया कि सोमवार सुबह प्रतिष्ठान खोलने पर कार्यालय का सामान अस्त-व्यस्त मिला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। फुटेज में युवक शीशा तोड़कर अंदर आता और सीढ़ियों से नीचे कार्यालय की ओर जाता दिखाई देता है। उसने कैमरे की दिशा बदलने की कोशिश की और इसके बाद नकदी, लैपटॉप समेत अन्य सामान लेकर बाहर निकल गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। एक युवक हेलमेट पहनकर प्रतिष्ठान के अंदर गया, जबकि उसका साथी बाहर स्कूटी लेकर इंतजार करता रहा। वारदात के बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान में जुटी है। साथ ही चोरी किए गए दस्तावेजों और फाइलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।