Thieves go on a rampage in Jamshedpur: Locks of 10-12 shops broken on Mango-Dimna Road; cash and goods stolen.

जमशेदपुर में चोरों का तांडव: मानगो-डिमना रोड बाजार की 10-12 दुकानों के ताले तोड़े, नकदी और सामान पर किया हाथ साफ

Share
Link copied
Thieves go on a rampage in Jamshedpur: Locks of 10-12 shops broken on Mango-Dimna Road; cash and goods stolen.
Thieves go on a rampage in Jamshedpur: Locks of 10-12 shops broken on Mango-Dimna Road; cash and goods stolen.

जमशेदपुर: जमशेदपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार देर रात ओलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो-डिमना रोड स्थित बाजार में चोरों ने एक ही रात में 10 से 12 दुकानों को निशाना बनाकर नकदी और कीमती सामान की चोरी कर ली। रविवार सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल की हार्डवेयर दुकान, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों के ताले तोड़ दिए। कुछ अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बदमाश गल्ले में रखी नकदी, जरूरी सामान और अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। चोरी से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि देर रात सुनसान माहौल का फायदा उठाकर चोर बाजार में पहुंचे और एक-एक कर दुकानों के ताले व शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौके पर जुट गए।

RKDF
Adv

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा किया जाएगा।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।