सिमडेगा में 8.565 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड राजू राय फरार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टी.टांगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान के दौरान 8.565 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी राजू राय पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टी.टांगर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सियादोहर कोनमेंजरा क्षेत्र से 2 किलोग्राम और तामड़ा रथ मोड़ से 6.565 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कुल मिलाकर पुलिस ने 8.565 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
पुलिस ने मामले में बिनय बिरेंद्र कुल्लू और दीपक सोरेंग को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर सिमडेगा में उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्टिवा स्कूटी, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, फरार आरोपी राजू राय, निवासी तामड़ा रथ मोड़, की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
















