जमशेदपुर: जुगसलाई में अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार; लोडेड पिस्टल और कारतूस बरामद
नीरज तिवारी / जमशेदपुर
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र से अवैध हथियार सप्लाई गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गरीब नवाज कॉलोनी से हुई गिरफ्तारी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई स्थित रेलवे पुल के नीचे से जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25 वर्ष) और मो. रेहान हुसैन (19 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी पिस्टल (7.65 एमएम) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
बिचौलिए की भूमिका में था मुख्य आरोपी
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने खुलासा किया कि वह हथियार सप्लायर और अपराधियों के बीच बिचौलिए का काम करता था। उसने बताया कि एक देशी पिस्टल की खरीद-फरोख्त में 40 से 60 हजार रुपये तक का लेनदेन होता था। पुलिस के अनुसार, विक्की का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर आर्म्स एक्ट सहित मारपीट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
बीएनएस के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 44/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लायरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़े :
जमशेदपुर: ‘एक पेड़ मां-बहन के नाम’ मुहिम के तहत पप्पू सरदार ने बांटे 400 फलदार पौधे
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के लिए ECINET प्रशिक्षण में झारखंड के अधिकारियों ने लिया भाग
रांची की हरमू नदी को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम तेज, निगम ने शुरू किया सर्वे और मापी का कार्य
पलामू में कोयला लदी मालगाड़ी बेपटरी, 18 वैगन पटरी से उतरे; रेल परिचालन बाधित
बोकारो में रेलवे ट्रैक किनारे तीन युवकों के शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

















