A coal-laden freight train derailed in Palamu, disrupting rail operations.

पलामू में कोयला लदी मालगाड़ी बेपटरी, 18 वैगन पटरी से उतरे; रेल परिचालन बाधित

A coal-laden freight train derailed in Palamu, disrupting rail operations.
A coal-laden freight train derailed in Palamu, disrupting rail operations.

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। पूर्व मध्य रेलवे के सोननगर-बरवाडीह रेलखंड पर राजहरा रेलवे स्टेशन के पास कोयला लदी एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जिसमें मालगाड़ी के 18 वैगन पटरी से उतर गए। इनमें से कई वैगन पलट भी गए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी टोरी रेलवे स्टेशन से कोयला लेकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर की ओर जा रही थी। राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक और अन्य रेलकर्मी सुरक्षित हैं तथा किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। दुर्घटना के बाद रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है।

डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के प्रबंधक उमेश कुमार ने बताया कि मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारण इस रूट पर ट्रेन परिचालन बाधित हुआ है। इसके चलते चोपन एक्सप्रेस, बीडी पैसेंजर और चोपन पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा है।

रेलवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक बहाली और वैगनों को हटाने के कार्य में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द से जल्द रेल परिचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

रजहरा स्टेशन पर मालगाड़ी डिरेल, कई ट्रेनें प्रभावित

पलामू जिले के रजहरा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने (डिरेलमेंट) के कारण धनबाद मंडल के इस रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। इसके चलते रांची मंडल से परिचालित कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से समाप्त तथा परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार, 4 जून 2026 को चलने वाली ट्रेन संख्या 18635 रांची–सासाराम एक्सप्रेस तथा 5 जून 2026 को सासाराम से खुलने वाली ट्रेन संख्या 18636 सासाराम–रांची एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 18613 रांची–चोपन एक्सप्रेस का 4 जून को बरवाडीह स्टेशन पर आंशिक समापन किया जाएगा।

इसके अलावा, हटिया–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (12873), रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20407) और सम्बलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now